Begin typing your search...

पति के रहते परवान चढ़ा टैक्सी ड्राइवर से इश्क, अनाथालय में थी बच्चो को छोड़ने की तैयारी; अलवर में हुई बैंक अधिकारी की हत्या

अलवर में पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर बैंक अधिकारी पति की हत्या की साजिश रची, जिसका खुलासा पुलिस जांच में हुआ. ऑडियो रिकॉर्डिंग, धमकी भरे खत और 50 लाख की मांग ने इस केस को बेहद सनसनीखेज बना दिया है.

प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने करवाई पति की हत्या
X
प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने करवाई पति की हत्या
( Image Source:  X: @micchamasala )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 10 April 2026 12:58 PM

राजस्थान के अलवर जिले में एक बहुत ही चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. इस मामले में एक निजी बैंक के बड़े अधिकारी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने उनकी अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में आरोपी पत्नी का नाम अर्चना अरोड़ा है, जबकि उसके प्रेमी का नाम ऋषभ शर्मा है. अलवर के एनईबी पुलिस थाने की टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद अदालत ने अर्चना को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, वहीं ऋषभ को पुलिस रिमांड पर एक दिन के लिए थाने में रखा गया है.

पीड़ित अधिकारी का नाम कर्णव खत्री है. उनकी उम्र सिर्फ 32 साल थी. उन्होंने 7 मार्च 2026 को पुलिस में अपनी पत्नी अर्चना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. शादी 2018 में हुई थी और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं. अर्चना की उम्र 30 साल है और वह मूल रूप से गोविंदगढ़ की रहने वाली है. कर्णव खत्री जयपुर में एक निजी बैंक में रीजनल हेड पर पद पर थे.

पति के रहते परवान चढ़ता रहा इश्क

अर्चना अक्सर जयपुर में पति से मिलने जाती थी. जाने-आने के लिए वह ऋषभ शर्मा की टैक्सी का इस्तेमाल करती थी. धीरे-धीरे टैक्सी में आने-जाने के दौरान अर्चना और ऋषभ की दोस्ती हो गई। दोस्ती बाद में प्यार में बदल गई और दोनों के बीच अवैध शारीरिक संबंध भी स्थापित हो गए. दोनों एक-दूसरे से इतना प्यार करने लगे कि उन्होंने साथ रहने और नई जिंदगी शुरू करने की ठान ली. इसके लिए उन्होंने कर्णव खत्री को रास्ते से हटाने की साजिश रचनी शुरू कर दी.

पत्नी घर छोड़कर प्रेमी के साथ भागी

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर 2025 को अर्चना अपने प्रेमी ऋषभ के साथ घर छोड़कर चली गई. वह अपने साथ छोटे बेटे को भी ले गई और घर से 5 लाख रुपये नकद तथा काफी गहने-जेवर भी उठा ले गई. थोड़े समय बाद अर्चना एक बार घर लौटी भी, लेकिन फिर दोबारा ऋषभ के पास चली गई. 8 फरवरी 2026 को ऋषभ ने कर्णव खत्री को वॉट्सऐप पर कॉल करके सीधे धमकी दे दी. इसके अलावा मार्च 2026 में ऋषभ ने कर्णव को टैक्सी में जयपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी हत्या करने की कोशिश भी की. कर्णव खत्री ने पुलिस को सबूत के तौर पर ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी, जिसमें धमकियों और साजिश के बारे में बातें दर्ज थीं.

50 लाख रुपये की मांग और खौफनाक धमकी

22 दिसंबर को अर्चना ने अपने पति और मायके वालों के साथ मिलकर पहले ऋषभ के खिलाफ रेप का केस भी दर्ज करा दिया था. लेकिन बाद में वह अपने बयान से मुकर गई. आरोप है कि जब ऋषभ जेल चला गया तो अर्चना ने अपने पति को एक धमकी भरा खत भेजा. उस खत में लिखा था:“मैंने पहले विवाद खत्म करने के लिए 30 लाख रुपये मांगे थे, लेकिन तुमने ऋषभ को जेल भेज दिया. अब तुम्हें 50 लाख रुपये देने होंगे. अगर पैसे नहीं दिए तो तुम्हें और तुम्हारी मां को मार दिया जाएगा. हम दोनों बच्चों को अनाथालय में छोड़ देंगे. तुम्हारे खिलाफ राजगढ़ में केस भी दर्ज करा दिया गया है. जिस दिन तुम कोर्ट में आओगे, उसी दिन तुम्हें खत्म कर दिया जाएगा.' यह खत पढ़कर कर्णव खत्री और उनकी मां दोनों बहुत डर गए थे. अब पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि साजिश के और राज खुल सकें.

अगला लेख