यूपी की राजनीति में एक नया नाम तेजी से चर्चा में है शालिनी सिंह. मशहूर नेता बृज भूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह के सियासी डेब्यू को लेकर कयास तेज हो गए हैं. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ संकेत दिए कि अगर सही समय और परिस्थितियां बनीं, तो वह चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटेंगी. सूत्रों के मुताबिक, उनका नाम नोएडा विधानसभा सीट के लिए सामने आ रहा है, जहां पहले से Pankaj Singh विधायक हैं. ऐसे में अगर शालिनी इस सीट से चुनाव लड़ती हैं, तो पार्टी के भीतर समीकरण दिलचस्प हो सकते हैं. परिवारवाद पर उठते सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अगर किसी में योग्यता है, तो उसे राजनीति में आने से नहीं रोका जाना चाहिए. शालिनी सिंह सिर्फ राजनीतिक परिवार से नहीं आतीं, बल्कि खुद भी एक कवियत्री, वकील और शिक्षाविद हैं. वह राष्ट्र सेविका समिति से जुड़ी हैं और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहती हैं. मायके और ससुराल, दोनों तरफ मजबूत राजनीतिक बैकग्राउंड होने के चलते उनका सियासी सफर और भी अहम माना जा रहा है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या उन्हें पार्टी से टिकट मिलेगा और क्या वह नोएडा जैसी हाई-प्रोफाइल सीट से चुनाव लड़ेंगी.